मेरठ। शीतकाल में बढ़ते कोहरे और कम दृश्यता को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस द्वारा दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) तथा अन्य प्रमुख मार्गों पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा कम कर दी गई है। यह निर्णय सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियातन लिया गया है।
नए आदेश के अनुसार, हल्के वाहनों (LMV) के लिए अधिकतम गति सीमा 60 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है, जबकि भारी वाहनों की गति सीमा 40 किमी प्रति घंटा रखी गई है। यह व्यवस्था सोमवार रात 11 बजे से लागू हो चुकी है और 15 फरवरी तक प्रभावी रहेगी।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे पर हल्के वाहनों को 100 किमी प्रति घंटा तथा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर 120 किमी प्रति घंटा की गति से चलने की अनुमति थी। सर्दी के मौसम में कोहरे के कारण होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से गति सीमा में यह अस्थायी संशोधन किया गया है।
यातायात विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का कड़ाई से पालन करें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।